रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के निर्देशन में केदारनाथ धाम यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में दिन-रात खुद को झोंक कर रखने वाले कार्मिकों की हर सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। खास तौर पर आर्थिक रूप से कम सक्षम स्थानीय लोग जो अमूमन पीआरडी के माध्यम से यात्रा मैनेजमेंट में अपना सहयोग देते हैं। उन्हें हर सुविधा के साथ अच्छी खुराक उपलब्ध हो, इसके लिए डीएम गहरवार के कार्यकाल में प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं शुरू की। जवानों को लिबर्टी कंपनी के उच्च गुणवत्ता वाले ट्रैकिंग जूते, मौजे, मफलर, टोपी और रेन कोट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वहीं सोने के लिए नए गद्दे, रजाई और कंबल भी दिए गए हैं। खुराक का विशेष ध्यान रखते हुए हर 15 दिनों में सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा भेजी गई मांग के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाला राशन भी प्रशासन की ओर से ही दिया जा रहा है। उधर, सेक्टर में तैनात सभी जवानों का 20 लाख रुपए का बीमा भी प्रशासन की ओर से कराया गया है। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू के लिए अच्छे स्ट्रेचर, नाइट विजन के लिए एलईडी एवं फोकस लाइट से लेकर उच्च गुणवत्ता वाली रस्सी, स्टिक एवं फर्स्ट एड किट जवानों को उपलब्ध कराई गई है। हर प्राथमिक सुविधा प्रशासन की ओर से उपलब्ध होने से एक ओर इन जवानों की जेब का भार कम हुआ है।
वहीं, दूसरी ओर विपरीत परिस्थित में अपनी ड्यूटी करने में भी इन्हें कोई परेशानी नहीं हो रही।
