रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन में नगर पंचायत केदारनाथ ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत सरस्वती नदी में विशेष सफाई अभियान चलाया। सफाई अभियान में नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। इस दौरान नदी तट एवं आस-पास से लगभग दस किलोग्राम प्लास्टिक कूड़ा एकत्रित कर सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित स्थल पर भेजा गया।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी का दायित्व है और केदारनाथ धाम जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए इस प्रकार के स्वच्छता कार्यक्रमों के आयोजन आवश्यकता है। उन्होने आमजन से तीर्थाटन एवं दैनिक जीवन के दौरान प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम कर कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थल पर ही डालने की अपील की।
