हरिद्वार। हरिद्वार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय से स्वीप वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित यह वाहन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची संशोधन और विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर अभियान तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से निर्वाचन संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक जनभागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है।
