पटना। बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस के अवसर पर आज खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सभाकक्ष में सतर्कता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के सचिव श्री दीपक आनंद ने की।
इस अवसर पर विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने लोकसेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने की शपथ ली। साथ ही सभी ने संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव दीपक आनंद ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी प्रशासन की मूल आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लोकसेवक का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए आम जनता को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजगता और ईमानदार कार्यसंस्कृति से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है।
इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण निदेशालय के निदेशक विभूति रंजन चौधरी, संयुक्त सचिव रविंद्र कुमार सहित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा 02 जुलाई 2026 को बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस तथा 02 जुलाई से 08 जुलाई 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।
