रोहतास। बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) विजय कुमार पांडेय सहित नियोजन विभाग के अधिकारियों और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि स्थानीय स्तर पर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान इन योजनाओं के तहत पंजीकरण कराकर युवाओं को इंटर्नशिप और व्यावहारिक कार्य अनुभव प्रदान कर सकते हैं।
कार्यशाला में पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता, लाभ और नियोक्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण मिलने से युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के नोडल पदाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं के कौशल में सुधार होगा, जबकि नियोक्ताओं को बिना अतिरिक्त लागत के प्रशिक्षित युवा मिल सकेंगे। इंटर्नशिप करने वाले युवाओं को सरकार द्वारा निर्धारित भत्ता भी दिया जाएगा।
उन्होंने अधिक से अधिक संस्थानों और युवाओं से इस योजना का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से संबंधित जानकारी और जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।
