कटिहार में मजदूरों से भरी बस पलटी, 25 घायल; 15 की हालत गंभीर, पूर्णिया रेफर

कटिहार।  जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर जुराबगंज के पास शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस पलटने से 25 लोग घायल हो गए, जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बस में सवार करीब 60 से 70 मजदूर नवादा जिले के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद अपने घर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे थे। इसी दौरान जुराबगंज के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और चालक के अनुसार, कार को बचाने के प्रयास में बस चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि कुल 25 घायलों का इलाज किया गया। इनमें 10 लोगों की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि 15 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पूर्णिया के हायर सेंटर रेफर किया गया।

बस चालक कृष्ण दास ने बताया कि सभी मजदूर नवादा से काम खत्म कर अपने घर कूचबिहार लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आई कार से टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *