गया जिला परिषद को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, अध्यक्ष नैना कुमारी होंगी नई दिल्ली में सम्मानित

गयाजी।  गया जिले के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जिले में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए गया जिला परिषद को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। आगामी 3 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

जिला परिषद ने बीते वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनमें सड़क निर्माण, गली-नाली योजनाएं, श्मशान घाटों का सौंदर्यीकरण, सामुदायिक भवनों की मरम्मत, पुस्तकालय निर्माण और सैकड़ों यात्री शेड का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से ग्रामीण जनता को सीधे लाभ मिला है और क्षेत्र में विकास की नई पहचान बनी है।

अध्यक्ष नैना कुमारी ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे गया जिले की जनता, जिला परिषद के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी ने दलगत भावना से ऊपर उठकर जिले के विकास को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर मिला है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान आगे और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा तथा जिले में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगा।

वहीं उनके पति एवं समाजसेवी धर्मवीर गुप्ता ने कहा कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और किसी भी समस्या का मिलकर सामना करने की अपील की। उन्होंने बताया कि गया के अंबेडकर मार्केट में एक बड़े मॉल के निर्माण की योजना है, जिससे भविष्य में लगभग एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में इस उपलब्धि को बिहार के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल गया जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है, बल्कि भविष्य में विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *